भिवानी | हरियाणा में लूट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताज़ा मामला भिवानी जिले के गांव जमालपुर से सामने आया है, जहां डाक विभाग के एक कर्मचारी से हुई 4 लाख 66 हजार रुपये की लूट की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस वारदात का मास्टरमाइंड खुद पीड़ित डाककर्मी ही निकला।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लूट की योजना खुद शिकायतकर्ता विकास ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर बनाई थी। विकास पर करीब डेढ़ लाख रुपये का कर्ज था, जिसे चुकाने के लिए उसने यह नकली लूट रचाई। विकास गांव बड़सी का रहने वाला है और किरावड़ में जीडीएस सहायक के पद पर तैनात था।
जांच में सामने आया कि लूट के दिन जब विकास जमालपुर के पास पहुंचा तो उसके दो साथी बाइक पर आए। एक ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था और दूसरे ने हेलमेट पहन रखा था। उन्होंने पिस्तौल दिखाकर बैग से रकम छीन ली। पुलिस की सीआईए-1 टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।







