चंडीगढ़ | हरियाणा में गहराते जल संकट पर जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने राज्य सरकार को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है। पार्टी ने केंद्र और राज्य सरकार से पंजाब के साथ जल समझौतों को पूरी तरह लागू कराने के लिए निर्णायक कदम उठाने की मांग की है।
जल संकट को लेकर हुई सर्वदलीय बैठक में जेजेपी की ओर से पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और पूर्व विधायक अमरजीत ढांडा ने भाग लिया। उन्होंने पंजाब द्वारा पानी रोके जाने की कड़ी आलोचना करते हुए सरकार से ठोस कार्रवाई की अपील की।
भाखड़ा ब्यास बोर्ड में हरियाणा के प्रतिनिधित्व की मांग
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) में हरियाणा के अधिकारियों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि राज्य के जल अधिकारों की मजबूती से पैरवी हो सके। उन्होंने नंगल डैम पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती की मांग करते हुए केंद्र से तत्काल हस्तक्षेप की बात कही।
जल आपूर्ति बाधित, कई जिलों में गहराया संकट
दुष्यंत ने कहा कि पंजाब से पूरी जल आपूर्ति न मिलने के कारण सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, कैथल और जींद जैसे जिलों में पीने के पानी का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने केंद्र और दोनों राज्यों से आग्रह किया कि वे मिलकर जल विवाद का शीघ्र समाधान निकालें।
वैकल्पिक आपात उपायों पर जोर
पूर्व डिप्टी सीएम ने राज्य सरकार से यह भी आग्रह किया कि वैकल्पिक जल स्रोतों और आपात प्रबंधन योजनाओं पर तत्परता से काम शुरू किया जाए, ताकि आगामी दिनों में जल संकट और विकराल रूप न ले।
अन्य सुझाव: केंद्रीय बल और मंत्रालयीय बदलाव
दुष्यंत चौटाला ने साझे बांधों की गाद निकासी, BBMB को ऊर्जा मंत्रालय से हटाकर जलशक्ति मंत्रालय के अधीन लाने, और हरियाणा के हिस्से का पानी दिलवाने के लिए केंद्रीय बलों के इस्तेमाल जैसे सुझाव भी रखे।
उन्होंने पंजाब सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह लगातार हरियाणा के हिस्से से अधिक पानी लेती है और न्यायोचित हिस्सेदारी को नज़रअंदाज करती है। चौटाला ने पंजाब के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी से अपील की कि वे राजनीति से ऊपर उठकर हरियाणा को उसका जायज पानी तत्काल उपलब्ध कराएं।







