Home Ambala रिश्वत मामले में फरार आरोपी शम्मी गुप्ता गिरफ्तार, न्यायालय के आदेश पर...

रिश्वत मामले में फरार आरोपी शम्मी गुप्ता गिरफ्तार, न्यायालय के आदेश पर भेजा गया जेल

201
0

अम्बाला | भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) अम्बाला ने एक रिश्वत मामले में वांछित आरोपी शम्मी गुप्ता को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शम्मी गुप्ता, निवासी वार्ड नंबर 10, लक्ष्मी नगर, अम्बाला (प्राइवेट व्यक्ति), को गुरुद्वारा चौक, सेक्टर-10, अम्बाला शहर के पास से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद अदालत के आदेशानुसार उसे जिला जेल अम्बाला भेज दिया गया है।

यह मामला उस समय सामने आया जब शिकायतकर्ता साहब सिंह, निवासी गांव मानकपुर, तहसील व जिला अम्बाला, ने ACB को दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि पटवारी रीना देवी और उसका निजी सहायक शम्मी गुप्ता उसकी जमीन के इंतकाल दर्ज करने के एवज में ₹40,000 की रिश्वत की मांग कर रहे थे।

शिकायत की पुष्टि के लिए की गई ACB कार्रवाई में पटवारी रीना देवी को ₹40,000 की रिश्वत लेते हुए पटवार भवन, अम्बाला से रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था। इस पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7, 7ए तथा बीएनएस की धारा 61(2) के तहत थाना ACB अम्बाला में मामला संख्या 8 दिनांक 5 मार्च 2025 को दर्ज किया गया था।

उस समय शम्मी गुप्ता घटनास्थल से फरार हो गया था, जिसे अब पकड़ लिया गया है। ACB द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here