चंडीगढ़ | हरियाणा में बच्चों और अभिभावकों को गर्मियों की छुट्टियों का बेसब्री से इंतजार है। सूत्रों के मुताबिक, राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश 1 जून से 30 जून 2025 तक रहेगा। हालांकि, अगर मई में तापमान में तेज़ी से बढ़ोतरी होती है, तो छुट्टियां मई के अंतिम सप्ताह से ही शुरू हो सकती हैं।
गर्मी के चलते राज्य शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को कुछ दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनमें सुबह की असेंबली को सीमित करने, दोपहर के समय बच्चों को बाहर न निकलने देने, और प्रत्येक कक्षा में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभिभावकों की मांग: छुट्टियां जल्द शुरू हों
कई अभिभावकों का कहना है कि भीषण गर्मी में खासकर छोटे बच्चों के लिए स्कूल जाना और दोपहर के समय घर लौटना बेहद कठिन हो गया है। उनका कहना है कि बच्चे गर्मी सहन नहीं कर पा रहे हैं और इससे उनकी सेहत पर असर पड़ रहा है।
अभिभावकों ने राज्य शिक्षा विभाग से आग्रह किया है कि गर्मी की छुट्टियों की तारीखों में बदलाव किया जाए और मौजूदा हालात को देखते हुए छुट्टियां पहले शुरू की जाएं।







