हिसार | राजस्थान की MBBS छात्रा भावना यादव की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती जांच में परिजनों द्वारा जिन पर हत्या का आरोप लगाया गया था, पुलिस के अनुसार वह युवक भावना का पूर्व प्रेमी निकला है। दोनों के बीच कई वर्षों से जान-पहचान थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, भावना और आरोपी उदेश यादव पहले रिलेशनशिप में थे, लेकिन भावना के फिलीपींस जाकर MBBS की पढ़ाई शुरू करने और उदेश की शादी हो जाने के बाद दोनों के रास्ते अलग हो गए। बावजूद इसके, भावना के भारत लौटने के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा और मुलाकातें होती रहीं। भावना हाल ही में हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (HAU) भी आई थी।
मामला उस वक्त उजागर हुआ जब 24 अप्रैल को उदेश ने भावना के परिजनों को फोन कर बताया कि वह जल गई है। इसके बाद परिजनों ने उसे जयपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान भावना की मौत हो गई। भावना हिसार में रहकर मेडिकल एंट्रेंस टेस्ट की तैयारी कर रही थी।
फिलहाल आरोपी उदेश पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसकी गिरफ्तारी हो सकती है और मामले में सच्चाई सामने लाई जाएगी।







