करनाल | 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले में वीरगति को प्राप्त हुए लेफ्टिनेंट विनय नरवाल का आज जन्मदिन है। इस मौके पर उनके परिवार ने करनाल में रक्तदान शिविर का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही, परिजनों ने सरकार से विनय को शहीद का दर्जा देने की पुरजोर अपील की है।
परिवार की एकजुट मांग – “विनय को मिले शहीद का सम्मान”
विनय के माता-पिता आशा और राजेश नरवाल तथा दादा हवा सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश के लिए जान देने वाले बेटे को सरकार शहीद का दर्जा दे। उनकी बहन सृष्टि नरवाल, जो भावुक होकर मीडिया से बात कर रही थीं, ने कहा, “विनय हमारे लिए हमेशा शहीद रहेंगे, अब सरकार से यही मांग है कि उसे आधिकारिक तौर पर भी यह दर्जा मिले।”
“सरकार से जो मिलेगा, उसे करेंगे दान”
विनय के पिता राजेश नरवाल ने कहा कि अगर सरकार किसी भी प्रकार की आर्थिक सहायता देती है, तो वह धनराशि विनय के नाम पर किसी संस्था या परियोजना को समर्पित कर देंगे। उन्होंने दो टूक कहा, “एक भी पैसा घर नहीं रखेंगे, बस विनय का नाम जीवित रहे।”
जन्मदिन पर रक्तदान शिविर, भावनाओं से भरा आयोजन
1 मई को विनय का 26वां जन्मदिन है। पहले परिवार ने इस दिन पार्टी की योजना बनाई थी, लेकिन हालात बदलने के बाद उन्होंने इसे एक रक्तदान महोत्सव के रूप में मनाने का फैसला किया। थैलेसीमिया पीड़ितों के लिए आयोजित इस शिविर में निफा, वैश्य भवन चैरिटेबल ट्रस्ट, अग्रवाल सभा, रेडक्रॉस सोसाइटी समेत कई संस्थाएं शामिल हुईं।
भावुक बहन सृष्टि ने कहा, “हमने इस दिन के लिए बहुत कुछ सोचा था, लेकिन भगवान की मर्जी के आगे सब अधूरा रह गया। जो लोग स्वस्थ हैं, वे विनय की याद में रक्तदान करें।”
विनय नरवाल अवॉर्ड की शुरुआत
निफा संस्था ने घोषणा की है कि विनय नरवाल की स्मृति में हर वर्ष रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा और एक विशेष पुरस्कार भी शुरू किया जाएगा। यह पुरस्कार उन युवाओं और परिवारों को दिया जाएगा, जिन्होंने देश सेवा में योगदान दिया हो या देने का संकल्प लिया हो। निफा के संस्थापक प्रीतपाल पन्नू ने बताया कि विनय के सम्मान में देशभर की शाखाओं को रक्तदान अभियान से जोड़ा जाएगा।
श्रद्धांजलि सभा 4 मई को
लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की आत्मिक शांति के लिए 4 मई को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक डॉ. मंगलसेन सभागार, करनाल में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी।







