चंडीगढ़ | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी ने आगामी शिक्षा सत्र से कक्षा 12वीं में त्रिभाषा फार्मूले को लागू करने की घोषणा की है। बोर्ड अध्यक्ष पवन शर्मा ने जानकारी दी कि छात्र अब संस्कृत, पंजाबी या उर्दू में से किसी एक भाषा का चयन अपनी रुचि के अनुसार कर सकेंगे।
परीक्षा सुरक्षा के लिए होंगे नए प्रबंध
बोर्ड अध्यक्ष ने यह भी बताया कि परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए कई सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। अब परीक्षा केंद्र केवल सरकारी स्कूलों में बनाए जाएंगे और इन सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएंगे। साथ ही, परीक्षाओं में इनविजीलेटर की ड्यूटी सरकारी कर्मचारियों को ही दी जाएगी ताकि जवाबदेही बनी रहे।
रिजल्ट की तारीख और छात्र संख्या
12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम मई के दूसरे सप्ताह तक घोषित किए जाएंगे। इसके तुरंत बाद दसवीं कक्षा के नतीजे जारी किए जाएंगे। दोनों परीक्षाओं में कुल 8 लाख छात्र शामिल हुए थे।
नई शिक्षा नीति पर भी तेजी से कार्य
शर्मा ने बताया कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत भी प्रदेश में सुधारों की रफ्तार तेज कर दी गई है। छठी से दसवीं कक्षा की इतिहास की पुस्तकों में बदलाव किया गया है, जिसमें अब भारत और हरियाणा के गौरवशाली इतिहास को प्रमुखता से शामिल किया गया है। इसके अलावा, इंटरनल असेसमेंट प्रणाली को भी स्कूलों में लागू कर दिया गया है, जिससे बच्चों के समग्र विकास पर ध्यान दिया जा सके।







