करनाल : चन्द्रिका ( TSN)- गरीबी के कारण कितने ही बच्चों की पढ़ाई छूट जाती है। पैसे और संसाधनों की कमी उन्हें सफल होने से रोक देती है, लेकिन गरीब बच्चों को भी शिक्षा प्राप्त हो इस दिशा में बहुत से लोग लगातार काम कर रहे हैं, ताकि जो अच्छी शिक्षा एक अमीर परिवार का बच्चा लाखों खर्च कर प्राप्त करता है, वह एक गरीब बच्चे को फ्री में मिल सके। ऐसा ही कुछ काम कर रहा है मिशन बुनियाद जो आज हरियाणा में हजारों बच्चों को अच्छी शिक्षा फ्री में दे रहा है। हरियाणा सरकार के साथ मिलकर मिशन बुनियाद अब तक 160 बच्चों का आईआईटी और मेडिकल जैसे बड़े संस्थानों में दाखिला करा चुका है। यही नहीं इन संस्थानों में पढ़कर बच्चे बड़ी कंपनियों में लाखों रुपए का पैकेज भी हासिल करने में कामयाब हुए हैं।
160 बच्चों का आईआईटी मेडिकल और अन्य बड़े संस्थानों में हुआ दाखिला
मिशन बुनियाद की जानकारी हर बच्चे तक पहुंचाने और उन्हें प्रेरित करने के लिए करनाल के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया । जिसमें सुपर 100 के संयोजक नवीन मिश्रा मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने बताया कि मिशन बुनियाद 2014 से सरकारी स्कूलों के बच्चों को फ्री शिक्षा दे रहा है। इस मिशन का लक्ष्य है कि हर बच्चे को अच्छी शिक्षा मिले और उनका भविष्य सफल हो सके। जिस शिक्षा को पाने के लिए बच्चों को लाखों रुपए खर्च करने पड़ते हैं। अब वही शिक्षा मिशन बुनियाद के माध्यम से बच्चों को फ्री मिल रही है। मिशन बुनियाद के तहत पढ़ रहे बच्चे आईआईटी, नीट, एनडीए, जेई तक के एग्जाम को पास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुपर 100 के तहत आईआईटी करने वाली एक छात्रा का माइक्रोसॉफ्ट जैसी बड़ी कंपनी में 31 लाख रुपए के पैकेज पर चयन हुआ है जो इस योजना की सफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मिशन बुनियाद के तहत अब तक प्रदेश के 160 बच्चों का आईआईटी मेडिकल और अन्य बड़े संस्थानों में दाखिला हुआ हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत प्लेसमेंट पाने वाले बच्चों का पहला बैच निकला है जिन्हें विभिन्न कंपनियों में लाखों रुपए का पैकेज मिलेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले 5 सालों में यह कार्यक्रम सरकारी स्कूलों की दशा और दिशा बदलने में कामयाब होगा।
बच्चों का रजिस्ट्रेशन 25 जनवरी तक
नवीन मिश्रा ने कहा कि बुनियाद योजना के तहत बच्चों का रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है और 25 जनवरी तक ये पंजीकरण चलेगा। इसमें एडमिशन लेने के लिए बच्चों को दो स्तर की परीक्षा पास करनी होगी ।मिशन बुनियाद के जिला नोडल अधिकारी दीपक वर्मा ने बताया कि मिशन बुनियाद का लक्ष्य बच्चों की नींव को मजबूत करना है। इस साल भी इन बच्चों का रिजल्ट बहुत अच्छा आएगा, जिससे अभिभावकों को भी बच्चों पर गर्व होगा। मिशन बुनियाद के तहत सरकारी स्कूल के बच्चों को ही शिक्षा दी जाती है। हर साल 8वीं कक्षा पास कर चुके सरकारी स्कूल के बच्चों का टेस्ट लिया जाता है जो बच्चे सुपर 100 में आते है। उन बच्चों को सलेक्ट करके मिशन बुनियाद द्वारा उन्हें फ्री शिक्षा दी जाती है। इस संस्था द्वारा करनाल में पांच सेंटरों पर बच्चों को फ्री शिक्षा दी जा रही है।
छात्र भी सरकार के इस प्रयास से खुश नजर आ रहे हैं। मिशन बुनियाद के तहत फ्री पढ़ने वाले बच्चों का भी कहना है कि उन्हें यहां पर अच्छी शिक्षा दी जा रही है। टीचर द्वारा उनके हर डाउट को क्लियर किया जाता है। बच्चों ने कहा कि अब सरकारी स्कूल के बच्चे भी आईआईटी और डॉक्टर बनकर अपने सपने को पूरा कर सकते हैं।







