पानीपत | हरियाणा के पानीपत से एक अहम प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। यहां सिटी थाने के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) अनिल हुड्डा को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया गया है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, SHO अनिल हुड्डा पर फरियादियों की शिकायतों पर कार्रवाई न करने और उच्च अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने के आरोप लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक, अनिल हुड्डा पिछले लगभग चार महीनों से सिटी थाने में SHO के पद पर तैनात थे। इस दौरान उनके कार्य व्यवहार को लेकर लगातार शिकायतें पुलिस अधीक्षक (SP) तक पहुंच रही थीं। कई बार चेतावनी देने के बावजूद उनकी कार्यशैली में सुधार न होने पर अंततः यह कार्रवाई की गई।
SHO के पद से हटाए जाने के बाद थाने के ही सब इंस्पेक्टर कुलदीप को अंतरिम रूप से थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस विभाग के सूत्रों का कहना है कि यह कदम विभागीय अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है, ताकि आम जनता की शिकायतों का समय पर और प्रभावी समाधान हो सके।







