कैथल | उपायुक्त प्रीति ने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। डीसी ने आदेश दिया कि विशेष जागरूकता अभियान चलाकर विद्यार्थियों और आम लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाए। साथ ही कॉलेजों के बाहर नाके लगाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीसी प्रीति ने सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा मानव जीवन से जुड़ा बेहद संवेदनशील विषय है, इसलिए अधिकारी और आमजन दोनों अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं।
सड़क मरम्मत और अवैध पार्किंग पर सख्ती
डीसी ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि जिन सड़कों की मरम्मत की जरूरत है, उन्हें प्राथमिकता के साथ दुरुस्त किया जाए और निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। वहीं, पुलिस विभाग को अवैध पार्किंग और गलत साइड में पार्किंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
स्कूल बसों की होगी जांच, नियम न मानने वालों पर कार्रवाई
डीसी ने जिला शिक्षा अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि नियमों का उल्लंघन करने वाली स्कूल बसों पर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई की जाए। जो वाहन सुरक्षित स्कूल वाहन नीति के मानदंडों पर खरे नहीं उतरते, उन्हें जब्त करने के आदेश भी दिए गए हैं।
ओवरलोड वाहनों पर शिकंजा कसने के निर्देश
आरटीए को ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त चालान कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सड़क किनारे पेड़ों की टहनियों की छंटाई सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
चालान से वसूले लाखों रुपये
आरटीए गिरिश कुमार ने बैठक में जानकारी दी कि मार्च महीने में पुलिस विभाग द्वारा 3169 चालान किए गए, जिनसे 25 लाख 89 हजार 700 रुपये वसूले गए। वहीं आरटीए विभाग द्वारा 103 चालान कर 33 लाख 78 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इस बैठक में कैथल एसडीएम अजय सिंह, कलायत एसडीएम अजय हुड्डा, गुहला एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह, डीएसपी सुशील प्रकाश, डीईओ रामदिया, डीआईओ दीपक खुराना, कार्यकारी अभियंता वरुण कंसल, प्रशांत ग्रोवर, सतपाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।







