करनाल (अमित): हरियाणा में आने वाला समय चुनावों का है। सीएम सिटी करनाल में राजनीतिक पार्टियों की सरगर्मियां तेज होनी शुरू हो गई हैं। नेताओ का प्रेस वार्ताओं के दौर बढ़ने लगे है। वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मेलजोल बढ़ाना तेज कर दिया है। उसी कड़ी में बीते कल कुमारी शैलजा ने करनाल में पत्रकार वार्ता की। वरिष्ठ कांग्रेस नेता किरण चौधरी ने करनाल स्थित मंगलसेन ऑडिटोरियम के मिराज हाल में किरण कार्यकर्ता के द्वार कार्यक्रम की शुरुआत की।
पत्रकारों से बातचीत में किरण चौधरी ने बताया कि 2005 में चौधरी बंसी लाल द्वारा अपनी हरियाणा विकास पार्टी को कांग्रेस में विलय कर दिया था। हमने बहुत साल कांग्रेस को दिए है, अब समय आ गया है कि पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं से चर्चा करने और जोड़ने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम हरियाणा के सभी जिलों में किया जाएगा, जिसकी शुरुआत आज करनाल से की गई है। दो दिन का पड़ाव करनाल में ही रहेगा।
किरण चौधरी ने कहा कि मैं धड़ों में विश्वाश नहीं करती। उन्होंने कहा कि आने वाली 4 तारीख को राहुल व सोनिया गांधी जी द्वारा हल्ला बोल रैली व 7 तारीख को भारत जोड़ो अभियान की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा इन आयोजनों में कमर तोड़ महंगाई मुख्य मुद्दा रहेंगी। बीजेपी नेता सोनाली फोगाट की मौत पर किरण चौधरी ने कड़ी कार्यवाही की मांग करते हुए दोषियों को सख्त सजा देने की बात कही।







