चरखी दादरी | दादरी जिले के गांव पैंतावास कलां में एक व्यक्ति ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर स्थानीय सिविल अस्पताल भिजवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक की पहचान पैंतावास कलां निवासी लगभग 40 वर्षीय भजनलाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार भजनलाल लंबे समय से ब्रेन ट्यूमर की बीमारी से जूझ रहे थे। बीमारी से परेशान होकर उन्होंने घर के एक कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
भजनलाल मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह विवाहित थे और उनके दो बेटे हैं। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
पुलिस ने मृतक के भाई प्रदीप के बयान पर मामले में इत्तफाकिया मौत (Accidental Death) की कार्रवाई करते हुए जांच पूरी कर ली है।







