रेवाड़ी | शहर की एक ज्वैलरी दुकान में ग्राहक के भेष में आए एक शातिर चोर ने करीब 6 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात चुराकर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
सोने के जेवर दिखाने के बहाने की चोरी
स्वामीवाड़ा निवासी कुलदीप वर्मा ने भाड़ावास गेट पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी ‘बीकानेरी ज्वैलर्स’ के नाम से बल्लूवाड़ा मोहल्ले में दुकान है। बीते शुक्रवार शाम वह किसी काम से बाजार गए थे और अपने पिता विद्यासागर को दुकान पर बैठा गए थे। इसी दौरान एक व्यक्ति टोपी पहनकर दुकान में आया और सोने के चांद-सूरज के डिजाइन दिखाने की बात कही।
जैसे ही पिता ने सोने के आभूषणों का डिब्बा खोला, उस व्यक्ति ने चतुराई से लगभग 60 ग्राम सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। रोजाना की तरह रात को दुकान बंद करने के बाद जब कुलदीप वर्मा ने घर पर जेवरातों का वजन किया, तो गहने कम पाए गए।
सीसीटीवी फुटेज से चोरी का खुलासा
संदेह होने पर कुलदीप वर्मा ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक की, जिसमें आरोपी स्पष्ट रूप से चोरी करते हुए नजर आया। शनिवार को पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए चोर की पहचान कर तलाश शुरू कर दी गई है।







