Karnal, 21 April-हरियाणा की सिंचाई एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने आज करनाल में पश्चिमी यमुना नहर पर बन रहे रेलवे ब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में चल रहे सभी प्रोजेक्ट समय पर पूरे किए जाएं ताकि लोगों को समय पर सुविधाएं मिल सकें।उन्होंने बताया कि पिछले दिनों पश्चिमी यमुना नहर में पानी अधिक आने से इसका कुछ हिस्सा टूट गया था, जिसकी मरम्मत कार्य जारी है और जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
भूजल स्तर पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि यह एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, लेकिन हमें इसका समुचित और समान उपयोग सुनिश्चित करना चाहिए ताकि टेल तक पानी पहुंचे।विपक्ष को लेकर श्रुति चौधरी ने कहा कि कांग्रेस बतौर विपक्ष अपनी भूमिका निभाने में असफल रही है और नेता प्रतिपक्ष का अभाव लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है।
हरियाणा का लिंगानुपात 908 तक पहुंचा
लिंगानुपात में सुधार पर बात करते हुए मंत्री ने कहा कि 2014 से पहले हालात बेहद खराब थे, लेकिन अब हरियाणा का लिंगानुपात 908 तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि इस बदलाव के पीछे सरकार की योजनाएं और सामाजिक जागरूकता दोनों अहम रहे हैं। उन्होंने समाज से अपील की कि बेटियों को बराबर अवसर दें क्योंकि वे हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं।







