कुरुक्षेत्र, 26 मार्च-जिला पुलिस ने नकली नोट देने के बहाने ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपराध अन्वेषण शाखा-2 की टीम ने शैंकी (अमलोहा), संजीव कुमार उर्फ़ रिंकू (महमदपुर) और राहुल (गुदियानी, यमुनानगर) को धर दबोचा।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 25 मार्च को अपराध शाखा-2 प्रभारी निरीक्षक मोहन लाल के निर्देशन में पीएसआई प्रमोद कुमार व अन्य पुलिसकर्मियों की टीम बराड़ा चौक, शाहबाद पर तैनात थी। गुप्त सूचना मिली कि आरोपी डबल पैसे करने का झांसा देकर लोगों को ठग रहे हैं। वे नकली नोट बनाने का नाटक कर असली नोट देकर लोगों को भरोसा दिलाते और फिर लाखों के नकली नोट देने के नाम पर ठगी करते थे।पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कार (CH-01-CE-1353) में अनाज मंडी, शाहबाद के गेट पर ठगी की फिराक में हैं। टीम ने एक डिकॉय भेजकर निगरानी की और उचित समय पर तीनों आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी में नकली नोट बनाने का सामान बरामद हुआ।आरोपियों के खिलाफ शाहबाद थाने में मामला दर्ज कर सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र कुमार ने गिरफ्तारी की। उनसे वारदात में इस्तेमाल कार, नोट बनाने की मशीन, प्रिंटर व अन्य सामान बरामद किया गया। अदालत के आदेश पर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।







