Home Haryana नगर परिषद चुनाव को लेकर कल सुबह 8 बजे से होगी मतगणना..200...

नगर परिषद चुनाव को लेकर कल सुबह 8 बजे से होगी मतगणना..200 से अधिक कर्मचारियों की लगाई ड्यूटि

205
0
सिरसा,11 मार्च -नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन व वार्ड पार्षद के चुनाव की मतगणना में 200 से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटियां निर्धारित की गई है।मतगणना स्थल पर तीन ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं। चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के मल्टीपर्पज हॉल में 12 मार्च को सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होगी. कर्मचारियों को सुबह छह बजे से पहले मतगणना केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य है।वार्ड पार्षद के लिए एजेंट के वाहनों की पार्किंग लाइब्रेरी भवन के पास की गई है। वहीं प्रधान पद के मतगणना एजेंट के वाहनों के लिए पार्किंग स्थल गल्र्स होस्टल के साथ खाली मैदान में बनाया गया है। मतगणना कार्य से जुड़े एजेंटों को मतगणना शुरू होने से पहले मतगणना हॉल में प्रवेश करना होगा।
जिलाधीश ने जारी किए आदेश, 12 मार्च को रहेगी धारा 163
सिरसा नगर परिषद के चेयरमैन व सभी वार्ड सदस्य पद के चुनाव की मतगणना के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधीश शांतनु शर्मा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 की प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी किए हैं। ये आदेश 12 मार्च को सुबह छह बजे से प्रभावी होंगे और मतगणना प्रक्रिया समाप्त होने तक लागू रहेंगे।जारी आदेश अनुसार, मतगणना केंद्र के 500 मीटर के दायरे में अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहेगी। केवल ड्यूटी पर तैनात अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के जवान, प्रत्याशी, उनके निर्वाचन एवं गणना एजेंट तथा राज्य चुनाव आयोग या जिला उपायुक्त/रिटर्निंग अधिकारी द्वारा अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
इसके अलावा केंद्र के भीतर हथियार, माचिस, लाइटर, ब्लेड, चाकू, किसी भी प्रकार के रसायन, मोबाइल फोन, वॉकी-टॉकी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, अतिरिक्त कपड़े, बेल्ट, चाबी का गुच्छा, पेन, पेंसिल आदि ले जाने पर रोक रहेगी। केवल गणना एजेंटों को पेन/पेंसिल, सादा कागज/नोटपैड और मतदान समाप्ति के बाद पीठासीन अधिकारी द्वारा दिए गए डुप्लीकेट फॉर्म को साथ रखने की अनुमति होगी।आदेश के अनुसार विजेता उम्मीदवारों को जीत के बाद विजय जुलूस निकालने और पांच या अधिक लोगों के अवैध रूप से एकत्र होने पर भी रोक रहेगी। इसके अलावा हथियार, लाठी-डंडे, तलवार, भाले, फरसे, लोहे की छड़ें, ईंट-पत्थर तथा किसी भी ज्वलनशील या विस्फोटक सामग्री लेकर चलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कम मतदान से किसी के बिगड़ेंगे समीकरण, किसी को होगा फायदा
हरियाणा के सिरसा शहर में हुए नगर परिषद चुनाव की मतगणना कल बुधवार को होगी। दोपहर 1 बजे तक चेयरमैन व पार्षद पद के उम्मीदवारों के नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। काउंटिंग चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी के मल्टीपर्पज हॉल में सुबह 8 बजे शुरू होगी। पहले दो घंटे में 14 वार्डों के पार्षदों के परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। अगले दो घंटे में 14 और वार्डों के परिणाम आएंगे। करीब 5 घंटे में पूरी काउंटिंग हो जाएगी। हालांकि, इस बार महज 54.6 प्रतिशत मतदान हुआ है। 1,60,036 वोटर्स में से 90,240 ने ही वोट डाले थे। कम मतदान से किसके समीकरण बिगड़ेंगे और किसको फायदा होगा, उसका खुलासा एक दिन बाद हो जाएगा।
इस तरह चलेगी काउंटिंग प्रक्रिया
काउंटिंग के दौरान पार्षद पद के लिए 14 टेबल लगाई जाएंगी। प्रत्येक टेबल पर एक वार्ड के एक-एक बूथ की ईवीएम मशीन के वोटों की गणना की जाएगी। दूसरे राउंड में एक से 14 वार्डों के दूसरे बूथ की गणना होगी। पार्षद पद के लिए कुल 16 राउंड में काउंटिंग का कार्य पूरा किया जाएगा। मतगणना के छह राउंड के बाद पार्षद पद के 14 वार्ड का रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा, इसके बाद 11वें राउंड तक 28 वार्ड तक की मतगणना पूरी हो जाएगी। वार्ड नंबर 29, 30, 31 और 32 वार्ड की मतगणना 16वें राउंड तक पूरी होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here