करनाल, 26 दिसंबर –केंद्रीय शहरी आवास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल आज अपने संसदीय क्षेत्र करनाल पहुंचे.जहां उन्होंने महाशिवरात्रि के उपलक्ष में आयोजित शोभायात्रा में भाग लिया। इससे पूर्व उन्होंने स्थानीय शिव मंदिर में जाकर शिवलिंग पर जल चढ़ाया और डमरू बजाया। प्रदेश में सुख शांति की कामना करते हुए सभी को शिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं। उनके साथ जिले के सभी भाजपा विधायक और विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण भी मौजूद रहे।
असामाजिक तत्वों और मौसम की जानकारी के लिए शहर में लगाए जाएंगे आधुनिक तकनीक से युक्त कैमरे
पत्रकार वार्ता में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने जनता को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजकल प्रदेश में नगर निगम के चुनाव चल रहे हैं, हर स्थान पर भारतीय जनता पार्टी को भारी समर्थन मिलता नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर पर स्थानीय निकाय चुनाव का संकल्प पत्र पहले ही जारी किया जा चुका है, आज करनाल सहित प्रदेश की सभी नगर निगमों का स्थानीय स्तर पर भी संकल्प पत्र जारी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों की पहचान और मौसम की जानकारी के लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर आधुनिक तकनीक से युक्त कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा शहर में एक अच्छी लाइब्रेरी की स्थापना भी की जाएगी।
सीवरेज व्यवस्था के सुधार के लिए देश भर के लिए एक लाख करोड़ का बजट
मनोहर लाल ने कहा कि केंद्रीय शहरी आवास एवं मंत्रालय द्वारा शहरों में सीवरेज व्यवस्था के सुधार के लिए देश भर के लिए एक लाख करोड़ का बजट रखा गया है। इन पैसों से पुराने सीवरेज सिस्टम को पूरी तरह बदला जाएगा। बेकार कचरे का उपयोग सड़कों के निर्माण और मिट्टी भराव के लिए करने की योजना है। उन्होंने कहा कि पराली को जलाने से रोकने के लिए उसके बंडल बनाएं जाएंगे जिन का उपयोग थर्मल अथवा उद्योगों में किया जाएगा। हम इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। शहर की सड़कों और छोटे मार्गो का नवीनीकरण कर लोगों को सुगम यात्रा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा सिटी बस सर्विस की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। मनोहर लाल ने कहा कि शहर में जाम से निजात पाने के लिए जगह-जगह स्मार्ट पार्किंग पॉइंट बनाए जाएंगे। शहरों में सरकारी सहायता पाने वाले वेंडर्स की संख्या को बढ़ाया जाएगा ताकि उन्हें सरकार द्वारा दी जाने वाली राशि से वे अपना व्यवसाय आगे बढ़ा सके।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 2014 के बाद जितने भी चुनाव हुए हैं हम सब में आगे बढ़े हैं कहीं पीछे नहीं हटे हैं। अब यह विपक्ष को सोचना है कि वह आगे क्यों नहीं बढ़ पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि करनाल में रोजगार को बढ़ाने के लिए यहां फार्मा, फुटवियर व अन्य उद्योग की स्थापना भी करने की योजना है, इसके लिए प्रयास किया जा रहा है।







