हरियाणा, 23 अक्टूबर ( TSN)- मुख्यमंत्री आवास संत कबीर कुटीर पर बुधवार को भव्य तरीके से संत आर्शीवाद समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेशभर से महान संतों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन से पहले पूज्य संतों द्वारा हवन यज्ञ किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी आहुति दी। इस मौके पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मैं बड़ा सौभाग्यशाली हूं जो आज मुझे सभी संतों का आशीर्वाद मिला है।उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश और प्रदेश ने एक नई करवट ली है। देश की समस्याओं का समाधान हुआ, जिनसे हम पहले जूझते थे। इससे पूर्व समारोह में सर्वप्रथम मुख्यमंत्री ने मंच पर आसीन सभी संतों को रुद्राक्ष की माला पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सुमन सैनी और सभी मंत्रियों ने भी समारोह में आए अन्य सभी पूज्य संतों को सम्मानित किया।
मनोहर लाल खट्टर ने हरियाणा प्रदेश के लिए गजब की व्यवस्थाएँ खड़ी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमने कुछ निर्णय भी लिए, जिनका हरियाणा प्रदेश की जनता को सीधा लाभ मिला है। मनोहर लाल ने संकल्प लेकर एक व्यवस्था को खड़ा किया और उसका ही परिणाम है कि सरकार के शपथ ग्रहण से पहले हरियाणा प्रदेश के गरीब परिवारों के 25,000 बच्चों को बिना पर्ची खर्ची के सरकारी नौकरी मिली। हरियाणा प्रदेश के लोगों के बीच में एक बड़ा संदेश गया कि ये सरकार राजनीति के लिए काम नहीं करती है, बल्कि प्रदेश के हित के लिए काम करती है। हमने जो कहा था उसको पूरा किया। प्रदेश के लोगों ने इस बात को स्वीकर किया कि भारतीय जनता पार्टी वोट के लिए नहीं बल्कि व्यवस्था के लिए काम करती है और हमने ये सिद्ध करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि मनोहर लाल खट्टर ने हरियाणा प्रदेश के लिए गजब की व्यवस्थाएँ खड़ी की, जो मुझे विरासत में मिली और संतों के आशीर्वाद से इस विरासत को और गति से आगे बढ़ाने का काम करूँगा।







