25 सितम्बर, सिरसा : भाजपा सांसद कंगना रनौत के दोबारा से तीन कृषि कानून लागू करने के बयान पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने पलटवार करते हुए कहां कि ये भारतीय जनता पार्टी एक षड्यंत्र के तहत कर रही है. उन्होंने कहा कि यह बीजेपी का एक मॉडल है जिसके तहत पहले बात को कहलवा दो और फिर उसे पल्ला झाड़ लो और फिर जब भी मौका लगे कृषि कानूनों को फिर से लागू कर दो । वही पवन खेड़ा ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि कांग्रेस किसी भी हालत में इन कानून को फिर से लागू नहीं होने देगी । पवन खेड़ा आज सिरसा जिला के डबवाली में कांग्रेस विधायक व उम्मीदवार अमित सिहाग के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे थे.जिसके बाद उन्होंने एक पत्रकार वार्ता के दौरान यह बातें कहीं।
पीएम नरेंद्र मोदी के बयान पर किया पलटवार
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोनीपत में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दलालों और दामादों से छुटकारा दिलाने के बयान पर पवन खेड़ा ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि पहले प्रधानमंत्री हरियाणा के लोगों को अपने 10 साल के शासन का हिसाब किताब दें. पवन खेड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा में अकेले ना आया करें, वह अपने साथ कृषि मंत्री, रक्षा मंत्री और खेल मंत्री को भी साथ साथ सांसदों को भी हरियाणा लेकर आए और हरियाणा की जनता से माफी मांगे। पवन खेड़ा ने कहा कि उसके बाद वह कांग्रेस से सवाल करें।
कांग्रेस के मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर कहा ये
पवन खेड़ा ने भारतीय जनता पार्टी के 10 साल के शासन पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी ने पिछले 10 साल में हरियाणा के हालात कर दिए हैं उसे नहीं लगता है कि अगले 30 साल में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार हरियाणा में बनेगी. वही हरियाणा में कांग्रेस के मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर पवन खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस में एक प्रक्रिया होती है ,जिसके तहत विधायक अपना नेता चुनते हैं .जिसके बाद उसका नाम राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजा जाता है उसके बाद की मुख्यमंत्री का फैसला होता है।







