करनाल, 3 सितंबर : करनाल के तरावड़ी कस्बा में भाजपा द्वारा आज जन आशीर्वाद रैली का आयोजन किया गया. जिसमें नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा। इससे पूर्व नायब सिंह सैनी का रैली में पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज नीलोखेड़ी की जन आशीर्वाद रैली में जो हुजूम उमड़ा है और जो जनता का आशीर्वाद मिला है,उससे मुझे उम्मीद है कि हरियाणा के लोग बड़े बहुमत के साथ प्रदेश में भाजपा की सरकार बना रहे हैं। केंद्र में नरेंद्र मोदी बैठे है उनका सहयोग और आशीर्वाद हरियाणा को ओर गति से मिलेगा। उन्होंने कहा कि यहां से कमल का फूल खिलेगा तो नरेंद्र मोदी और मजबूत होंगे तथा तेज गति से काम होगा। जेजेपी विधायकों के पार्टी में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जेजेपी पार्टी की जो नीतियां और सिद्धांत थे वह उनको ही कबूल है, लंबे समय से उनके विधायक घुटन महसूस कर रहे थे। भाजपा में वह लोग आए हैं हमने उनका स्वागत किया है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मनोहर लाल हमारे आदरणीय हैं और सारा कुछ वही देख रहे हैं। कांग्रेस आम आदमी पार्टी के गठबंधन पर उन्होंने कहा कि दोनों भ्रष्टाचारी दल हैं, उन्होंने लोकसभा में भी गठबंधन किया था। लोगों के बीच में बोलते हैं कि हम ईमानदारी का नकाब पहन कर जाते हैं परंतु बाद में वह नकाब उतरता है और लोगों का शोषण व भ्रष्टाचार होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग इस बात को समझ चुके हैं अब इनकी बातों में वह आने वाले नहीं है। उम्मीदवारों की सूची बारे उन्होंने कहा कि जल्द ही सूची आएगी तो इसके बारे में बताया जाएगा।







