यमुनानगर, 14 अगस्त – कोलकाता में युवा डॉक्टर से दरिंदगी को लेकर डॉक्टर की जमात में भारी रोष है। दरिंदे को फांसी की सजा की मांग को लेकर पूरे देश में अलग-अलग जगह प्रदर्शन किए जा रहे है। यमुनानगर में आईएमए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजन शर्मा की अगुवाई में कैंडल मार्च निकाला गया।
कोलकाता में हुआ डॉक्टर के साथ दु*ष्कर्म के बाद ह*त्या को लेकर पूरे देश में आक्रोश की लहर है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए और डॉक्टर की आत्मा की शांति के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, डेंटल एसोसिएशन और नर्सिंग एसोसिएशन ने कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च की अगुवाई इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजन शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि कोलकाता में एक युवा डॉक्टर के साथ जो हुआ हम उसका कड़े शब्दों में विरोध करते हैं। यह सरकार की एक बड़ी चूक है क्योंकि हम लंबे समय से हिंसा के खिलाफ एक केंद्रीय कानून की मांग कर रहे हैं लेकिन हमारी मांग अभी तक पूरी नहीं हुई है। हम चाहते हैं कि अगर महिला डॉक्टर अस्पताल में आए और पीछे उसके माता-पिता को यह चिंता ना रहे की उसकी बेटी सुरक्षित अस्पताल पहुंच गई है या नहीं। हमें डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए एक सख्त केंद्रीय कानून चाहिए। कैंडल मार्च में डॉक्टर एसोसिएशन के अलावा मेडिकल के छात्राओं ने भी हिस्सा लिया और कैंडल जलाकर मृ*तक डॉक्टर की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।







