कुरुक्षेत्र : चन्द्रिका ( TSN)- कुरुक्षेत्र के पिहोवा में जालसाज ने एटीएम कार्ड बदल कर महिला के खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए। पैसे कटने का मैसेज मिलते ही महिला तुरंत एटीएम बूथ पहुंची, मगर आरोपी फरार हो चुके थे। महिला ने थाने पहुंच कर शिकायत दी। पुलिस भी तुरंत हरकत में आ गई और बूथ पर सीसीटीवी फुटेज खंगाली।
मदद के बहाने बदल कार्ड
दरअसल फौजी प्लाट पिहोवा की रहने वाली कुलविंदर कौर ने बताया कि वह अंबाला रोड पर बस स्टैंड के पास एटीएम बूथ से पैसे निकलवाने आई थी। यहां पहले से कुछ युवक खड़े थे। उसने मशीन में एटीएम डालने के बाद पैसे निकालने का प्रयास किया, मगर पैसे नहीं निकले। तब एक युवक ने मदद के बहाने उसका एटीएम बदल लिया। पैसे नहीं निकलने पर महिला दूसरे एटीएम बूथ जाने लगी। इसी दौरान उसके मोबाइल पर 40 हजार रुपये कटने का मैसेज आया, जिसे देखकर उसके होश उड़ गए। वह तुरंत दोबारा से उस एटीएम बूथ पर पहुंची, मगर तब तक आरोपी फरार हो चुके थे
खाते में रह गए 300 रुपये
महिला ने बताया कि उसके खाते में कुल 40,300 रुपये थे। धोखाधड़ी के बाद महिला रोते हुए थाना शहर पिहोवा पहुंची और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए बूथ पर जाकर सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।







