फतेहाबाद : चन्द्रिका ( TSN)-25 मई को हरियाणा में मतदान का कार्य संपन्न होने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता निशान सिंह जाखल में कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग के दौरान मीडिया से बातचीत दौरान कहा कि चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर संघर्ष और कड़ी मेहनत की हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी हरियाणा में सभी 10 की 10 सीटों पर जीत हासिल करेगी, क्योंकि इस बार जनता का रुख पूरी तरह से बीजेपी और पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ था।
निशान सिंह के दल बदलकर कांग्रेस पार्टी में आकर उनके पार्टी को योगदान के सवाल पर कहा कि कोई व्यक्ति किसी भी पार्टी में हो तो उसका प्रयास रहता है कि पार्टी को उसका पूर्ण लाभ मिले। उन्होंने कहा कि जेजेपी पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष रहने के चलते उनके पूरे प्रदेश में लोगों के साथ संबंध व मित्रता है। ऐसे में बहुत से लोग उनके साथ ही कांग्रेस पार्टी में शामिल भी हुए हैं। जाखल में मुआवजे की मांग को लेकर पिछले काफी समय से तहसील कार्यालय में तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन कर रहे किसानों के सवाल पर निशान सिंह ने कहा कि जिन किसानों को बाढ़ से नुकसान हुआ है, उन्हें पूरा मुआवजा मिलना चाहिए, लेकिन सरकार इसमें पूरी तरह से विफल रही है। ऐसा कर सरकार द्वारा किसानों के साथ ज्यादती की जा रहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में बीजेपी तो वोट मांगने की हकदार ही नहीं है।
किसानों पर 307 के मुकदमे दर्ज करना सरासर गलत
वहीं जाखल में बीते दिनों किसानों और भाजपा नेताओ में हुए घटनाक्रम को लेकर निशान सिंह ने कहा कि पुलिस द्वारा किसानों पर 307 के मुकदमे दर्ज करना सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि बीजेपी वो पार्टी है, यूपी में जिनके नेता मिश्रा के बेटे द्वारा लोगों पर गाड़ी चढ़ा कर पशुओं की तरह लताड़ कर मारनें का काम किया था। सिरसा लोकसभा सीट को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी शैलजा का सिरसा की जनता के साथ अच्छा रसूख है, इस संसदीय क्षेत्र की जनता द्वारा उन्हें भरपूर स्नेह भी दिया गया है। ऐसे में कुमारी शैलजा सिरसा से बड़े मार्जन के साथ जीत हासिल करेगी।







