Home Haryana जाट वोटर्स को साधने की जुगत में BJP …हुड्डा के गढ़ में...

जाट वोटर्स को साधने की जुगत में BJP …हुड्डा के गढ़ में मनोहर लाल खट्टर ने रैली

147
0
हरियाणा : चन्द्रिका ( TSN)-भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ माने जाने वाले गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा क्षेत्र के गांव जसिया में विजय संकल्प रैली की। इस रैली में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं करनाल लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार मनोहर लाल खट्टर ने मुख्य वक्ता के तौर पर शिरकत की। खास बात यह रही कि इस रैली के आयोजन में जसिया के मौजूदा सरपंच ओमप्रकाश पहलवान की बड़ी अहम भूमिका रही क्योंकि हुड्डा के मजबूत गढ़ में भाजपा की रैली को कामयाब करना किसी बड़े चैलेंज से कम नहीं कहा जा सकता लेकिन सरपंच ओमप्रकाश जसिया ने यह करके दिखाया और मंच से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इसके लिए बकायदा सरपंच की जमकर पीठ भी थपथपाई। शायद ऐसा पहली बार देखने को मिला जब मुख्यातिथि की स्पीच खत्म होने के बाद सरपंच का भाषण करवाया गया हो और खुद मनोहर लाल तालियां बजाते हुए नजर आए हों।
दरअसल, जसिया गांव में इस सरकार के कार्यकाल में करीब 20 करोड़ रूपए के विकास कार्य हुए हैं। जसिया गांव, जाट आरक्षण आंदोलन का प्रमुख केंद्र रहा है और लंबे समय यहां पर कांग्रेस समर्थित लोगों का खासा असर रहा है लेकिन चंडीगढ़ पुलिस के रिटायर्ड अधिकारी ओमप्रकाश जसिया ने सेवानिवृति के बाद अपने गांव में जमकर विकास कार्य करवाए और इसमें खासकर मनोहर लाल का पूरा सहयोग उनको मिला और वे एकतरफा चुनाव में विजय होकर सरपंच चुने गए थे। इस घटना को हुड्डा के गढ़ में भाजपा की बड़ी सेंध के तौर पर माना जाता है।रैली के दौरान अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा व दीपेंद्र हुड्डा को निशाने पर लिया। साथ ही जाट वोटरों को साधने का प्रयास भी किया। उन्होंने हुड्डा का नाम लिए बगैर कहा कि जातियों की राजनीति के जनक इस क्षेत्र में बैठे हैं। लेकिन जिस जाति की बात वे करते हैं, उस जाति के लिए सबसे ज्यादा हमने काम किया है। उन्होंने कहा कि जिन जाट भाईयों की वे बात करते हैं, आज चैलेंज से कहते हैं कि गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा क्षेत्र के अंदर नौकरियां हमारी ज्यादा हैं, उनकी नौकरी कम पड़ जाएंगी।
खट्टर ने रैली में भाषण के दौरान जाटों को लुभाने का किया पूरा प्रयास
मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि सांपला में चौधरी छोटूराम की 65 फुट ऊंची प्रतिमा की स्थापना भाजपा सरकार के समय हुई, जिसका उद्घाटन खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। धन्ना भगत (धन्ना जाट) की जन्म शताब्दी भी भाजपा सरकार के समय मनाई गई। वे लोग तो भूल गए कि धन्ना जाट भी उनके कोई महापुरुष हुए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चरण सिंह को भारत रत्न दिया। जगदीप धनखड़ को उपराष्ट्रपति व आचार्य देवव्रत को राज्यपाल बनाया। हालांकि खट्टर ने यह भी कहा कि वे जाति-पाति की राजनीति में विश्वास नहीं रखते और सभी समाज के महापुरूषों की जयंतियां मनाते हैं लेकिन हुड्डा, बापू बेटा के परिवार से आगे नहीं बढ़े।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 साल पहले कांग्रेस की सरकार के शासनकाल में सौदेबाजी की जाती थी। लेकिन भाजपा सरकार के कार्यकाल में जमकर विकास कार्य हुए हैं। इसी से कांग्रेस पार्टी में बौखलाहट शुरू हो गई है। मनोहर लाल खट्टर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की जीत का पहला श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को है तो दूसरा श्रेय राहुल गांधी का जाता है। उन्होंने कहा कि जब तक राहुल गांधी हैं, तब तक भाजपा की जीत निश्चित है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, महात्मा गांधी की कही बात को पूरा करने में लगे हुए हैं, जिसमें महात्मा गांधी ने आजादी के बाद कहा था कि अब कांग्रेस की जरूरत नहीं है, इसे खत्म कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता झूठ बोलने में माहिर हैं और सपने बेचने लग गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here