रोहतक/चंडीगढ़ – चन्द्रिका ( TSN)-इंडिया गठबंधन
लोकसभा चुनाव मजबूती से लड़ने कि तैयारी में हैं. इसके तहत आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की सीट शेयरिंग बहुत सारे राज्यों में जल्दी अनाउंस कर दी जाएगी. ये बात आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने रोहतक स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने कहा कि जब से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में सीट शेयरिंग की वार्ता अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। तब से भाजपा बौखलाई हुई है।
इंडिया गठबंधन को तोड़ना चाहती है भाजपा
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में इंडिया एलायंस की बातचीत सफलतापूर्वक अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। यह भी उम्मीद की जा रही है की सीट शेयरिंग बहुत सारे राज्यों में बहुत जल्दी अनाउंस कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे पहले जब इंडिया गठबंधन में मतभेद की खबरें आ रही थी तो भाजपा बहुत खुश थी। लेकिन जैसे ही खबरें आने लगी कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में सीट शेयरिंग अंतिम चरण में है तो भाजपा को गंभीर झटका लगा और भाजपा में हड़कंप मच गया। डॉ सुशील गुप्ता ने बताया कि जानकारी प्राप्त हुई है कि अगर आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन को छोड़ देती है और अकेले लोकसभा चुनाव लड़ती है तो सीबीआई और इडी नोटिस भेजने बंद कर देंगे और अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब जब इंडिया गठबंधन की वार्ता अंतिम चरण में है और बहुत जल्द शेयरिंग घोषित होने वाला है तो बीजेपी इस तरह के हठकंडे अपना रही है.उन्होंने कहा कि पिछले 2 साल में 1000 से ज्यादा रेड हुई है, ईडी द्वारा सात सम्मन भेजे जा चुके हैं, सीबीआई द्वारा अनेको नोटिस भेजे गए हैं, सीबीआई ने 9 घंटे तक अरविंद केजरीवाल से पूछताछ की, इन सब के बावजूद भी सीबीआई और ईडी को आज तक एक फूटी कौड़ी तक नहीं मिला।
आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि हम किसी भी हालत में भाजपा के सामने झुकेंगे नहीं और कोई समझौता नहीं करेंगे।आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा है और इंडिया गठबंधन का हिस्सा रहेगी चाहे कुछ भी हो जाए।







