यमुनानगर,परवेज़ खान -:यमुनानगर के छछरौली की नई अनाज मंडी में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। रिहर्सल के दौरान देशभक्ति, अनुशासन और उत्साह का शानदार नजारा देखने को मिला। कार्यक्रम में छछरौली के एसडीएम जसपाल गिल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और परेड का निरीक्षण कर सलामी ली।फुल ड्रेस रिहर्सल में क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश की गौरवशाली परंपराओं का संदेश दिया।
इस दौरान विभिन्न स्कूलों की टुकड़ियों ने पूरे अनुशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर शानदार मार्चपास्ट किया। अधिकारियों ने परेड की तैयारियों का निरीक्षण करने के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों का भी जायजा लिया।उन्होंने विद्यार्थियों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।रिहर्सल के दौरान डीएसपी कंवलजीत,बीडीपीओ कार्तिक चौहान सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे.अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को लेकर की जा रही तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।सुरक्षा व्यवस्था,मंच, बैठने की व्यवस्था,परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों समेत समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा गया।प्रशासन का उद्देश्य है कि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह पूरी भव्यता, गरिमा और अनुशासन के साथ आयोजित किया जाए। रिहर्सल के दौरान विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा परिसर देशभक्ति के नारों व कार्यक्रमों से गूंजता नजर आया।







