कुरुक्षेत्र(TSN): विकसित भारत संकल्प यात्रा का काफिला शुक्रवार को थानेसर के कैलाश नगर पहुंची। यहां इस अवसर पर विधायक सुभाष सुधा ने यात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के ओजस्वी नेतृत्व में देश और प्रदेश दिन दौगुनी-रात चौगुनी तरक्की कर रहा है। उन्होंने कहा की गरीब परिवारों, युवाओं, महिलाओं, किसानों सहित सभी वर्गों के उत्थान के लिए सरकार ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की है। इन योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों एवं वंचित परिवारों को विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद कार्यक्रम में सीधे तौर पर मिल रहा है।
सुभाष सुधा ने कहा की सरकार का मुख्य ध्येय जरूरतमंद व्यक्तियों को समाज की मुख्य धारा में जोड़ना है। विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सोच है कि कल्याणकारी योजनाएं जमीन स्तर पर लाभार्थियों को घर द्वार पर मिले। उन्होंने कहा की वर्तमान की केंद्र व प्रदेश सरकार धरातल पर कार्य कर रही है। आज देश व प्रदेश में ऐसी व्यवस्था की गई है, जिससे जरूरतमंद व्यक्तियों को कहीं जाने की आवश्यकता नहीं है। अब ऑनलाइन व्यवस्था से पेंशन, आयुष्मान कार्ड आदि अपने आप बनकर लाभार्थियों के घर पहुंच जाते हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा अंत्योदय और जनकल्याण को समर्पित योजनाओं की जानकारी एवं सुविधाएं देश के करोड़ों लोगों तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।







