पलवल(TSN):पलवल जिले के हथीन खंड के गांव बिद्यावली में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा में केंद्रीय ऊर्जा एवं भारी उद्योग राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने शिरकत की। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त साहिल गुप्ता सहित जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद थे। राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने यहां उज्जवला योजना के लाभार्थियों को गैस कनेक्शन व चूल्हा भेंट किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
केंद्रीय ऊर्जा एवं भारी उद्योग राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान कहा की मोदी की गारंटी वाली गाड़ी गांवों में जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया जा रहा है और योजनाओं के लाभार्थीयों को मौके पर ही योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है।
इस दौरान लोगों के स्वास्थ्य की जांच भी की जा रही है। उन्होंने कहा की सरकार का एक ही मकसद है की सौ प्रतिशत योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ड्रोन दीदी एक योजना शुरू की है ताकि किसानों को ड्रोन तकनीक के बारे में जागरूक किया जा सके । किसान ड्रोन के माध्यम से अपने खेतों में कीटनाशकों व खाद का छिडकाव कर सकें। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे है। उज्जवला योजना के तहत महिलाओं को गैस कनेक्शन व चूल्हा भेंट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी ने गरीब लोगों के लिए अनेक योजनाएं बनाकर लोगों को गारंटी देने का काम किया है।
पानी की गुणवत्ता के बारे दी गईं जानकारी
विकसित भारत यात्रा के दौरान जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों को पानी की गुणवत्ता के बारे में जागरूक किया गया। जन स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कुसुम जांगड़ा ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल पहुंचाने का कार्य किया गया है। लोगों को पानी की जांच करने के बारे में जागरूक किया गया है।
अपडेट किए जा रहे हैं आयुष्मान भारत योजना के कार्ड
आयुष्मान योजना के लाभार्थी ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा में आकर उन्होंने आयुष्मान कार्ड को अपडेट करवाया है। आयुष्मान भारत योजना सरकार की एक अच्छी योजना है जिसके तहत पांच लाख रूपए का इलाज मुफ्त में किया जाता है।
कैंप लगाकर दी जा रही केंद्रीय योजनाओं की जानकारी
ग्रामीणों ने बताया कि विकसित भारत यात्रा के तहत कैंप लगाकर लोगों को सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई है। लोगों की पेंशन बनाने,राशन कार्ड बनाने,कृषि विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया है।







