चंडीगढ़ : चन्द्रिका ( TSN)- आम आदमी पार्टी ने प्रदेशस्तरीय बदलाव यात्रा के सातवें दिन प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता बहादुरगढ़ में रहे। प्रदेश प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर हिसार, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा नारनौंद और प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा सरवारा कैथल के गुहला में रहीं। इस दौरान आप नेताओ ने हरियाणा में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर कई सवाल खड़े किए । साथ ही प्रदेश सरकार को इस मुद्दे पर घेरा ।
प्रदेश के स्वास्थ्य इन्फ्रास्ट्रक्चर की हालत बिल्कुल खस्ता
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य इन्फ्रास्ट्रक्चर की हालत बिल्कुल खस्ता हो चुकी है। प्रदेश के अस्पतालों की हालत बिल्कुल जर्जर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम सिविल हॉस्पिटल बनाने की घोषणा पांच साल पहले हुई थी। अब तक एक ईंट नहीं रखी गई है। अस्पतालों में रखी लाखों की मशीनें कबाड़ में बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पूरे प्रदेश में 500 जन औषधि केंद्र खोलने की घोषणा की। धरातल पर केवल 93 बने और इनमें से भी 58 बंद हो चुके हैं। जनता को पांच गुना दामों पर दवाई खरीदनी पड़ती है।
सरकारी अस्पतालों की हालत जर्जर है, मशानों को चलाने वाला कोई नहीं
प्रदेश प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि आज हरियाणा की स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है। सरकारी अस्पतालों की हालत जर्जर है, मशानों को चलाने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार की आयुषमान योजना भी फेल निकली, हरियाणा सरकार के प्राइवेट अस्पतालों का हजारों करोड़ रुपए देने बाकी है। अब प्राइवेट अस्पताल इलाज के लिए मना करने लगे हैं। इसके अलावा कभी डॉक्टर तो कभी नर्सें हड़ताल पर रहती हैं।
पीजीआईएमएस जैसे बड़े संस्थानों में भी न चिकित्सक हैं और न ही दवाइयां
वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री मोदी रेवाड़ी में एम्स बनाने की घोषणा करके गए थे, लेकिन अभी तक नींव की ईंट भी नहीं रखी गई है। पीजीआईएमएस जैसे बड़े संस्थानों में भी न चिकित्सक हैं और न ही दवाइयां उपलब्ध हैं। 50 प्रतिशत से ज्यादा चिकित्सकों के पद खाली हैं।
पिछले 10 सालों में हरियाणा में पीछे चली गई स्वास्थ्य सेवाएं
प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा सरवारा ने कहा कि पिछले 10 सालों में हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाएं बहुत पीछे चली गई है। पिछले दिनों चरखी दादरी के सबसे बड़े सिविल अस्पताल में बिजली नहीं है। आज हरियाणा में मोबाइल फोन टॉर्च की लाइट में महिला की डिलिवरी हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ते डेंगू व मलेरिया के बढ़ते मामलों पर नियंत्रण लगाने में प्रदेश सरकार असफल रही है।







