करनाल : चन्द्रिका ( TSN)- अब किसान बेमौसमी सब्जियां भी उगा सकेंगे, इसके लिए वे सोलर ड्राई तकनीक का इस्तेमाल कर सकते हैं । इससे न सिर्फ किसानों को बल्कि ग्राहकों को भी पूरा साल विभिन्न प्रकार की सब्जियां मिल सकती है ।
दरअसल सब्जी उत्पादक किसानों के लिए इंडो इजराइल सेंटर पर सोलर ड्राई तकनीक प्रदर्शित की गई है । इस तकनीक में एक खास तरह की मशीन बनाई गई है जो सौर ऊर्जा से संचालित होती है यानी इस तकनीक को अपनाने वाले किसान को ऊर्जा पर कोई खर्च नही करना पड़ेगा । सोलर ड्राई के जरिए किसान टमाटर, खीरा, शिमला मिर्च, गोभी, बैंगन, गाजर, पालक, भिंडी, करेला, तोरी सहित अन्य कई तरह की सब्जियों को सुखा कर पैक किया जाएगा ।
मौसम के विपरीत सब्जियां अच्छे भाव पर बेच सकते हैं
अक्सर सीजन में सब्जियों के दाम बहुत अधिक गिर जाते है जिससे किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ता है । कई बार ऐसी स्थिति होती है कि सब्जी मंडी ले जाने का खर्च इतना अधिक है कि किसान अपनी सब्जियों को फेंक कर नष्ट करता है । इंडो इजराइल सेंटर की सोलर ड्राई तकनीक से किसान भाव कम होने की स्थिति में अपनी सब्जियों को सुखाकर कर पैक कर सकता है । इस तरह ड्राई सब्जियों को लंबे समय तक सुरक्षित और खाने योग्य रखा जा सकता है । इस तरह पैक की गई सब्जियों को किसान मौसम के विपरीत अपनी सब्जियां अच्छे भाव पर बेच सकता है ।
बेमौसमी सब्जियों के भाव भी रहेंगे कंट्रोल
बिल्लू यादव प्रोजेक्ट हेड इंडो इजराइल केंद्र ने बताया कि सोलर ड्राई तकनीक से किसानों के साथ सब्जी खरीदने वाले ग्राहकों को भी फायदा होगा । लोगो को गर्मियों में सर्दी के मौसम की सब्जी और सर्दियों में गर्मी के सीजन की सब्जी खाने को मिलेगी । वही बेमौसमी सब्जियों के भाव भी कंट्रोल रहेंगे ।







