गुरुग्राम : चन्द्रिका ( TSN)-स्कूल में छात्राओं के साथ कहीं अभद्र व्यवहार होता है तो शिक्षा अधिकारी ऐसे मामले में आरोपित के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करें। ये बात हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने शुक्रवार को प्रदेश के जिला शिक्षा अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कुछ जिलों से स्कूल और विश्वविद्यालयों के ऐसे समाचार सामने आए कि उनका आयोग ने तत्काल संज्ञान लिया और अब उनमें कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में लड़कियां सुरक्षित रहे, इसी उद्देश्य से महिला आयोग ने शिक्षा अधिकारियों की यह बैठक आयोजित की है।
स्कूलों का समय-समय पर करें औचक निरीक्षण
रेणु भाटिया ने कहा कि किसी भी जिला में छात्र शैक्षणिक भ्रमण के लिए बाहर घूमने जाए तो इसके लिए संबंधित शिक्षण संस्था को जिला शिक्षा अधिकारी से पूर्व अनुमति लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा मकसद केवल अपनी ड्यूटी पूरी करना नहीं बल्कि ड्यूटी के साथ हमें अपने क्षेत्र में सामाजिक और मानवीय दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। इसलिए प्रत्येक शिक्षा अधिकारी पांच बच्चों को चुने, जिन्हें नैतिक शिक्षा दी जाए और उन्हें बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने कहा कि शिक्षक वर्ग किशोर आयु के छात्रों के साथ मित्रवत व्यवहार करें। राष्ट्र को मजबूत बनाना है तो हमें युवा पीढ़ी को संवारना होगा। बच्चों को अपने माता-पिता या टीचर के साथ खुलकर अपनी बात रखनी चाहिए अगर जीवन में किसी प्रकार की समस्या भी हो तो उसका भी सही समाधान हो पाए। माता-पिता अपने बच्चों विशेषकर बेटियों को यह विश्वास दिलाए कि हर परिस्थिति में वे उनके साथ हैं। बेटियां हमारे प्रदेश का सम्मान है और उनके अधिकारों की रक्षा करना हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र के स्कूलों का समय-समय पर औचक निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं व उपस्थिति पर विशेष ध्यान दें। साथ ही छात्राओं को साइबर क्राइम से बचाव के बारे में समझाएं। उन्होंने इस बात की सराहना की कि सरकारी स्कूलों में मन की बात कहने के लिए छात्राओं को बालिका मंच जैसे कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। प्रदेश के हर एक जिला में महिला आयोग की ओर से स्कूली छात्राओं के लिए सेमिनार आयोजित किए जाएंगे जिनको वे स्वयं भी संबोधित करेंगी।







