अंबाला (एकता): अंबाला की नरवाना ब्रांच टूटने से लोगों को काफी मुश्किलें झेलनी पड़ी हैं। बता दें कि अंबाला छावनी में बाधित हुई नहरी पेयजल आपूर्ति को लेकर हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने सोमवार अद्दो माजरा में वॉटर लिफ्टिंग सिस्टम का मुआयना किया और अधिकारियों से जानकारी ली। मीडिया सूत्रों के अनुसार इस दौरान उन्होंने कहा कि नरवाना ब्रांच टूटने की वजह से अब केवल 2 दिनों के पीने का पानी ही बचा है।
अनिल विज ने अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए और कहा कि वह कम से कम पानी का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि अब हर रोज सुबह 5 से 8 बजे तक ही पानी मिलेगा। उन्होंने पानी पंप करने वाली मोटरों और स्टोरेज टैंक का मुआयना किया। गौरतलब है कि अद्दो माजरा से अम्बाला छावनी तक 18 किलोमीटर लंबी पानी की पाइप लाइन से नहरी पेयजल आपूर्ति होती है।
उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से पानी को टांगरी नदी में लिफ्ट करने की प्रक्रिया की जानकारी ली। गृह मंत्री ने अम्बाला छावनी इंडस्ट्रियल एरिया में पानी निकासी के लिए किए जा रहे प्रयासों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को अलग-अलग वार्डों में सफाई के लिए कार्य करने को कहा।







