कैथल (अंकुर कपूर): हरियाणा की कैथल रोडवेज की बस में उस समय अफरातफरी मची जब बस में बैठी एक सवारी को अचानक हार्ट अटैक आ गया। उस समय बस में माहौल ऐसा बना कि किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि क्या करें। तब चालक-परिचालक ने अपनी सूझ-बूझ से यात्री की जान बचाई। जिस यात्री को हार्ट अटैक आया था वह एक टीचर था। इस घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
मीडिया सूत्रों के अनुसार कैथल रोडवेज की बस सोमवार दोपहर 2.20 मिनट पर गांव कमालपुर से चली थी। बस में सरकारी स्कूल के अध्यापक अश्वनी कुमार भारद्वाज सफर कर रहे थे। बस गांव बढ़सीकरी व रामगढ़ के बीच पहुंची थी कि अचानक वह सीट पर बैठे-बैठे चक्कर खाकर नीचे गिर गए। सवारियों ने शोर मचाया और बस को रुकवाया। इसके बाद बस चालक अनिल श्योकंद व परिचालक सतीश सहारण ने बस को तुरंत रोककर अध्यापक को सीट पर लेटाकर देखा तो उसकी सांसें बिल्कुल बंद हो चुकी थी।
इसके बाद चालक-परिचालक ने बारी-बारी से करीब 4 से 5 मिनट तक दोनों हाथों से दबाव देकर लगातार सी.पी.आर. दिया। इस दौरान अचानक अध्यापक की सांसें चलने लगी। जब वह होश में आया तो परिजनों का नंबर लेकर उन्हें बुलाया और घर भिजवाया। दोनों कर्मचारी प्रसंशा के काबिल हैं, उन्हें इसके लिए सम्मानित भी किया जाएगा।







