नूंह (अंकुर कपूर): हरियाणा में साइबर क्राइम के खिलाफ पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। बता दें कि नूंह जिले में पैर-पसार रहे साइबर फ्रॉड के चलते 5000 से अधिक पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने एक साथ 14 गावों में छापेमारी की। मीडिया सूत्रों के अनुसार उन्होंने 125 हैकर व साइबर अपराधियों को दबोचा। बता दें कि इनके पास से अलग-अलग बैंक के एटीएम, स्मार्टफोन्स, लैपटॉप, आधारकार्ड और एटीएम स्वैप मशीन के साथ ही अन्य सामान बरामद किया गया है।
इन संदिग्धों को काबू कर उनसे पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए हरियाणा पुलिस ने 5000 से अधिक पुलिसकर्मियों की अलग-अलग टीमें गठित की जिसमें एक एसपी, 6 एडिशन एसपी, 14 डीएसपी सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने साइबर अपराध के खिलाफ अभियान छेड़ा। पुलिस बल की ब्रीफिंग से लेकर विभिन्न टारगेट्स पर तलाशी अभियान तक इस ऑपरेशन की कुल अवधि 24 घंटे रही।
नूंह में पुलिस द्वारा 8 अप्रैल के बाद से साइबर ठगी के मामलों से संलिप्त 20 अपराधियों को पहले ही गिरफतार किया जा चुका है। पुलिस ने इन अपराधियों के पास से भारी मात्रा में मोबाइल फोन, एटीएम और अन्य उपकरण के साथ ही नकदी भी बरामद की है। साथी ही, 10,000 रुपए के एक इनामी अपराधी को भी काबू किया गया है।







