गुरुग्राम (एकता): राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। बता दें कि हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के परखच्चे तक उड़ गए। मीडिया सूत्रों के अनुसार सड़क हादसे में कार्तिकेय शर्मा बाल-बाल बचे। जानकारी के मुताबिक हादसा गुरुग्राम के पास KMP पर हुआ। जहां एक ट्रक ने सांसद की एसयूवी कार को टक्कर मार दी।

बता दें कि हादसे के समय राज्यसभा सांसद चरखी दादरी के डूडीवाला किशनपुरा गांव में भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर परशुराम प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करने के बाद वापिस गुरुग्राम लौट रहे थे। हादसे के बाद सांसद को मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कहा कि उनकी हालत ठीक है। कार को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी गई है।







