रेवाड़ी (एकता): रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाइवे पर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां राजस्थान रोडवेज बस नहर में गिर गई, जिससे बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। मीडिया सूत्रों के अनुसार इस हादसे में कई सवारियों को चोटें आई हैं। अस्पताल में डॉक्टरों ने इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी की जान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
जानकारी के मुताबिक हादसा उस समय हुआ जब राजस्थान रोडवेज की एक बस दिल्ली से जयपुर के लिए जा रही थी। बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे। जैसे ही बस दिल्ली-जयपुर हाइवे पर रेवाड़ी की सीमा में पड़ने वाले कसौला थाना एरिया के एक ढाबा के पास पहुंची तो उसका अचानक संतुलन बिगड़ गया।
वह सीधा हाइवे के पास से गुजर रही नहर में उतर गई। लेकिन चालक ने स्थिति को संभाल लिया। सूचना के बाद पुलिस व आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए। वहीं कसौला थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अभी हादसे की असली वजह पता नहीं चल पाई है। बस के चालक के बयान दर्ज होने के बाद हादसे की सच्चाई का पता चल पाएगा।







