हिसार (एकता): जम्मू-कश्मीर के कठुआ में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में हरियाणा के हिसार का जवान शहीद हो गया। बता दें कि जुगलान गांव के जवान सोनू 26 मार्च की रात को पोस्ट पर तैनात थे और इसी दौरान आतंकवादियों ने अटैक कर दिया। बता दें कि मुठभेड़ में जवान के सिर पर गोली लग गई। जिससे उसकी मौत हो गई।

तिरंगे में लिपटकर गांव पहुंचा शहीद का पार्थिव शरीर
मीडिया सूत्रों के अनुसार जवान का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर जब गांव पहुंचा तो चारों तरफ सन्नाटा पसर गया। बेटे का पार्थिव शरीर देखकर मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पारिवारिक सदस्यों के विलाप को देखकर हर व्यक्ति की आंखें नम हो गई। राजकीय संस्कार के साथ शहीद का अंतिम संस्कार किया गया। मां ने बेटे की चिता को मुखाग्नि दी।ग्रामीणों और परिवार के सदस्यों ने भारत माता की जय, शहीद सोनू जांगड़ा अमर रहे के नारे लगाए।

शहीद सोनू जांगड़ा 2016 में हुआ था सेना में भर्ती
शहीद 2016 में आर्मी में भर्ती हुआ था। करीब ढाई महीने पहले वह अपने गांव घर पर आया था। पिता की मौत के बाद उसको ननिहाल ने ही पाला था। क्योंकि उनके मामा की कोई संतान नहीं थी। इसलिए उसे मामा ने गोद लिया था। बता दें कि उसका अंतिम संस्कार भी इसी गांव में किया गया।







