गुरुग्राम (अंकुर कपूर): जहां एक तरफ पुलिस अमृतपाल को गिरफ्तार करने के लिए जगह-जगह पर छापेमारी कर रही है तो वहीं अब सिख समाज भी सड़कों पर उतर आया है। गुरुग्राम में सिख समुदाय ने अमृतपाल के खिलाफ बाइक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। इस बाइक राइडर्स रैली के जरिए सिख समाज ने कहा कि अमृतपाल आज देश का गद्दार है और देश के गद्दार को फांसी देनी चाहिए। रविवार को 3500 से ज्यादा बाइक राइडर्स ने तिरंगा बाइक यात्रा में भगत सिंह के भतीजे किरनजीत और सुखदेव के पौत्र अनुज थापर ने भी शिरकत की।

इस दौरान भगत सिंह के भतीजे कि किरनजीत ने कहा कि पंजाब की सारी जनता आज देशभक्त है और कुछ ऐसे देश के गद्दारों की वजह से पंजाब की बदनामी हो रही है। इस यात्रा को हरी झंडी दिखाने पहुंचे सुखदेव सिंह के पौत्र अनुज थापर ने कहा कि जो देश को तोड़ने वाला है वह कभी भी असली सिख नहीं हो सकता।
सिख धर्म तो वह धर्म है, जब देश पर आक्रमण हो रहे थे और हर घर से एक युवक एक देश की रक्षा के लिए सिख बना था। वहीं अमृतपाल के साथ रह रहे पंजाब के भटके हुए युवकों के बारे में कहा कि आज हमें ऐसे युवाओं की जरूरत नहीं है, जो सिर्फ नारे लगाते हैं बल्कि हमें ऐसे युवाओं की जरूरत है जो तिरंगे की अहमियत को समझते हैं। बहराल एक तरफ जहां लगातार अमृतपाल पुलिस से बचता फिर रहा है तो वहीं अब सिख समाज भी उनके खिलाफ खड़ा हो गया है। अब देखना यह होगा कि सिख समाज के इस प्रदर्शन से पुलिस को कितनी राहत मिलती है।







