चंडीगढ़ (अंकुर कपूर): चंडीगढ़ में अडाणी ग्रुप और मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन में पुलिस और कांग्रेस आमने-सामने हुई। कांग्रेस राजभवन का घेराव करने जा रही थी कि बीच में पुलिस ने उन्हें रोक लिया। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस की तरफ से बैरिकेडिंग लगाई गई थी। बावजूद इसके कांग्रेसी वर्कर उन बैरिकेडिंग को लांघ रहे थे, जिसके बाद चंडीगढ़ पुलिस ने दीपेंद्र हुड्डा सहित कांग्रेसी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

बता दें कि चंडीगढ़ में हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र समेत पार्टी के कई बड़े नेता मौजूद रहे। इस मार्च के जरिए कांग्रेस हिंडनबर्ग रिपोर्ट पर जांच की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि हिंडनबर्ग रिपोर्ट ने सरकार पर भी सवालिया निशान लगा दिया है। इसलिए इसकी पूरी तरह से जांच होनी चाहिए। वहीं इस दौरान मीडिया से बात करते हुए दीपेंद्र हुड्डा व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदय भान ने सरकार पर कई आरोप लगाए।
मुर्दाबाद के नारे लगाए
इस दौरान कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ता बैरिकेड्स के ऊपर चढ़ते नजर आए। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज भी किया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने मोदी सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए।







