अंबाला (अंकुर कपूर): शहीद भगत सिंह किसान यूनियन द्वारा सोमवार को अंबाला जिला उपायुक्त कार्यालय के बाहर खराब धान की फसल के मुआवजे के लिए धरना दिया गया। इस मौके पर भारी संख्या में किसानों ने इस धरने में भाग लिया। इस मौके पर किसानों ने सरकार की खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों का कहना है कि हमने पहले भी इसके लिए प्रदर्शन किया, लेकिन अभी तक हमारी खराब फसल का मुआवजा नहीं मिला।
शहीद भगत सिंह किसान यूनियन के जिला प्रधान गुरमीत सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हम अपनी धान की खराब हुई फसल का मुआवजा लेने के लिए इकट्ठे हुए हैं। उन्होंने बताया कि हमने पहले भी अंबाला उपायुक्त को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने कहा कि उपायुक्त ने 15 दिसंबर को आश्वासन दिया। 15 जनवरी के बाद इंसोरेंस के पैसे उनके खाते में डाल दिए जाएंगे।
उन्होंने सरकार से मांग की कि वो हमारी खराब फसल के मुआवजे का जो बीमा है वो हमारे खाते में डाला जाए। उन्होंने कहा की बीमा इसी लिए कराते है ताकि जो फसल खराब हो उसका मुआवजा मिल सके। उन्होंने सरकार को चेतावनी भी दी की अगर आज हमारी बात नहीं सुनी तो फिर अपनी कमेटी से बात करके जो भी निर्णय लिया जाएगा। इसके अनुसार आगे रणनीति तय की जाएगी।







