रोहतक (एकता): झज्जर रोड स्थित वाटर टैंक में एक युवक का तैरता हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का लग रहा है। क्योंकि युवक के सिर पर चोट के निशान हैं और पैरों में कपड़ा बंधा हुआ था। युवक की शिनाख्त शहर की राजीव कॉलोनी के रहने वाले भारत के रूप में हुई है, जो 2 दिन से घर से लापता था। पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच करने में जुटी हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेज दिया गया है।
पिता का कहना है कि इस मामले में न्याय चाहिए और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी हो। वहीं कल राजीव कॉलोनी के रहने वाले राकेश अपने गुमशुदा बेटे की शिकायत लेकर शिवाजी कॉलोनी थाना में गए थे। जिसके चलते पुलिस में राकेश से संपर्क किया और शव को पहचानने के लिए मौके पर बुलाया गया। राकेश ने तुरंत उसे पहचानते हुए पुलिस को बताया कि यह उसका बेटा भारत है, जो कॉलोनी में मसाले बेचने का काम करता है।
राकेश ने भी बताया कि उसका बेटा 2 दिन से घर से लापता था। परिवार अब वह बेटे के लिए न्याय की मांग कर रहा है। उसका कहना है कि हालांकि उनकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं थी, लेकिन उसके बेटे को बेरहमी से मारा है और पुलिस उसके हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कुछ ओर तथ्य सामने आएंगे। उन्होंने यह दावा किया जल्दी इस मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।







