नूंह (अंकुर कपूर): राजस्थान के भरतपुर जिले के गोपालगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत घाटमीका गांव के मामले को लेकर हरियाणा के नूंह जिले में इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह से बंद कर दी हैं। इंटरनेट सेवाएं 26 से लेकर आगामी 28 फरवरी रात 12 बजे तक बंद रहेंगी। एडिशनल एसपी उषा कुंडू ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर कोई गलत बयानबाजी से लोगों की भावनाओं को ना भड़काया जाए। इसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है।
एडिशनल एसपी उषा कुंडू ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि 10 कंपनियों की तैनाती की गई हैं। प्रत्येक सबडिवीजन में पुलिस सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। किसी भी तरह की कानून व्यवस्था खराब ना हो, शांति व्यवस्था कायम रहे। इसे ध्यान में रखा गया है। इसमें एचएपी, साउथ रेंज, आरएएफ के अलावा लोकल पुलिस की तैनाती की गई है। उपायुक्त अजय कुमार नूंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 144 भी लागू कर दी है।







