चंडीगढ़ (अंकुर कपूर): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपने जीवन में सादगी की एक और मिसाल प्रस्तुत करते हुए अपने विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान सामाजिक संस्थाओं या व्यक्तियों द्वारा सम्मान स्वरूप भेंट किए। उपहारों को नीलाम करने का फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं सूचना, लोक सम्पर्क, भाषा तथा संस्कृति विभाग के महानिदेशक डा. अमित कुमार अग्रवाल ने बीते दिनों इस उपहार पोर्टल का विधिवत शुभारंभ किया था।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी अपने जीवन में मिले उपहारों की नीलामी पोर्टल के माध्यम से की है। इससे मिली धनराशि को ‘नमामि गंगे सफाई अभियान’ में लगाया। ऐसे में मुख्यमंत्री ने भी प्रधानमंत्री की सोच को आगे बढ़ाते हुए उपहारों से प्राप्त धनराशि मुख्यमंत्री राहत कोष में प्रयोग में लाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि बीते दिनों ऑनलाइन पोर्टल cmuphaarhry.com की शुरूआत हो गई है। यह पोर्टल 28 फरवरी, 2023 तक खुला रहेगा। उसके बाद साल में तीन या चार बार पोर्टल को चरणबद्ध तरीके से दोबारा खोला जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 51 उपहारों की नीलामी की जाएगी। आमजन इस पोर्टल के माध्यम से मुख्यमंत्री को मिले उपहार खरीद सकते हैं।







