रेवाड़ी (एकता): हरियाणा के रेवाड़ी जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक 11वीं मंजिल से कूद कर महिला ने खुद को मौत के घाट उतार लिया। मीडिया सूत्रों के हवाले से मामला रेवाड़ी के औद्योगिक कस्बा धारूहेड़ा की अरावली हाइट्स सोसायटी का है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना के बाद मृतक महिला के परिजन भी रेवाड़ी पहुंच गए। जहां परिजनों ने उसके पति पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने बताया कि उसकी बेटी की शादी मध्य प्रदेश के जिला गुना के रहने वाले पंकज के साथ हुई थी। पंकज दिल्ली स्थित एचसीएल कंपनी में काम करता है। वह दोनों धारूहेड़ा की अरावली हाइट्स सोसायटी की 11वीं मंजिल पर बने फ्लैट में रहते थे।
उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने उनसे कई बार परेशान करने की बात कही। लेकिन परिजनों के समझाने पर भी वह नहीं सुधरा। उन्होंने आरोप लगाया कि पति से परेशान होकर ही उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने उसके पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।







