अंबाला (एकता): देश को T20 वर्ल्ड कप में जिताने वाले तेज गेंदबाज जोगिंदर शर्मा (39) के संन्यास लेने के बाद फैंस को काफी बड़ा झटका लगा। बता दें कि शुक्रवार को तेज गेंदबाज ने ट्वीट कर क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की। वहीं जोगिंदर शर्मा मौजूदा समय में हरियाणा पुलिस में बतौर DSP अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

क्रिकेट की दुनिया से संन्यास लेने का ऐलान करते हुए डीएसपी ने कहा कि क्रिकेट का सफर बहुत ही अच्छा रहा। यह उनके लिए गर्व की बात है कि जिस समय 2007 में भारतीय क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड कप जीता था वो उस समय भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा थे। वहीं उन्होंने अपने क्रिकेट के सफर में उनका सहयोग और उनको प्यार देने वाले अपने साथियों का आभार व्यक्त किया और बताया कि उनकी मां हमेशा से उनके लिए रोल मॉडल रही हैं।
2007 T20 वर्ल्ड कप में भारतीय तेज़ गेंदबाज जोगिंदर शर्मा द्वारा फेंकी गई वो गेंद जिस पर मिस्बाह उल हक आउट हुए थे। जिसके चलते भारत ने पहला T20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया था, वो पल आंखों के सामने आते ही हर भारतीय का सीना गर्व के साथ फूल जाता है।
वर्ल्ड कप जितवाने के बाद जोगिंदर शर्मा ने हरियाणा पुलिस ज्वाइन कर ली थी। वह अंबाला में बतौर डीएसपी के पद पर तैनात हैं। जिसको लेकर उन्होंने बताया कि क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने के बाद उनकी सिर्फ वर्दी का रंग बदला है। पहले वो नीले और सफेद रंग की वर्दी में देश की सेवा कर रहे थे और अब वो खाकी रंग की वर्दी में देश की सेवा कर रहे हैं।







