अंबाला (अंकुर कपूर): पंजाब से दिल्ली जा रहे हैं तो आपके लिए बेहद जरूरी खबर है। ट्रक आप्रेटर यूनियन ने दिल्ली-अमृतसर नैशनल हाईवे पर पक्का मोर्चा खोल दिया है और शंभू बॉर्डर पर नैशनल हाईवे को पूरी तरह से जाम कर दिया है। पंजाब-हरियाणा सीमा के शंभू बॉर्डर टोल प्लाजा पर ट्रक यूनियन द्वारा अमृतसर दिल्ली हाईवे को अनिश्चितकालीन के लिए बंद कर दिया गया है। इसका असर अब अंबाला में भी देखने को मिलने लगा है। अंबाला से अमृतसर की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट कर चंडीगढ़ की तरफ कर दिया गया है। अमृतसर की तरफ जाने वाले लोगों को अब कई किलोमीटर अधिक सफर तय करना पड़ रहा है।
पंजाब ट्रक ट्रांसपोर्ट द्वारा पंजाब सरकार को चेतावनी दी गई है कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाती तब तक अनिश्चितकालीन के लिए हाईवे को जाम रखा जाएगा। ट्रैफिक SHO जोगिंदर ने बताया कि पंजाब के ट्रक ट्रांसपोर्टरों द्वारा अपनी मांगों को लेकर शंभू टोल प्लाजा के नजदीक कल से जाम लगा दिया गया। उनका साफ तौर पर कहना है कि जब तक सरकार हमारी मांगे नहीं मानती तब तक अनिश्चितकालीन के लिए यह जाम रहेगा।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों को रास्ते का नहीं पता उन लोगों को थोड़ी दिक्कत जरूर आ रही है और उनको हम रूट के बारे में बता देते हैं। ताकि वह आसानी से अपनी मंजिल की तरफ पहुंच सके। उन्होंने कहा कि अभी तक एक्स्ट्रा फोर्स की जरूरत नहीं पड़ी लेकिन SP ने कहा है कि जहां पर भी जरूरत पड़े तो एक्स्ट्रा फोर्स तैनात कर दी जाएगी। जाम में फंसे राहगीरों ने अपना दर्द बयान करते हुए बताया कि हम पिछले कई से जाम में फंसे हैं, कहीं जाने के लिए रास्ता नहीं मिल रहा तो हम यहां पर परेशान हो रहे हैं।







