रेवाड़ी (अंकुर कपूर): रेवाड़ी जिला में एक युवती का शव खेतों में पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई है। बता दें कि युवती का शव इतनी बुरी हालत में था कि हर किसी के रोंगटे खड़े हो गए। युवती के चेहरे को पत्थरों से बुरी तरह कुचला हुआ था। हालांकि अभी शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। बता दें कि शव गांव सुलखा के खेत में पड़ा मिला। रामपुरा थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर शिनाख्त को लेकर प्रयास शुरू कर दिए है।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर गांव सुलखा से बधराना की तरफ जाने वाले रास्ते पर एक खेत में युवती का शव पड़ा हुआ था। वहां से गुजर रहे ग्रामीण ने शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद रामपुरा थाना व गांव भाड़ावास चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भिजवाया। पुलिस द्वारा आस-पास के गांवों में भी शव मिलने की सूचना भेजी गई, लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई है। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों ने युवती का चेहरा बुरी तरह पत्थर से कुचल दिया, जिससे उसकी पहचान में भी मुश्किल हो रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक युवती की उम्र करीब 22 साल है और शरीर पर काले रंग की जींस, हरे रंग की टी-शर्ट, काली बेल्ट व गुलाबी रंग के जूते पहने हुए हैं। रामपुरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भेज दिया है। पुलिस को अंदेशा है कि युवती की हत्या किसी अन्य जगह की गई और शव को ठिकाने लगाने के लिए यहां खेत में लाकर फेंक दिया। पहचान छिपाने के लिए पत्थरों से चेहरा भी कुचल दिया गया। पुलिस आस-पास में किराए पर रहने वाले कंपनी कर्मचारियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।







