भिवानी (अंकुर कपूर): भिवानी पहुंचे हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने हिमाचल व गुजरात में भाजपा की जीत का दावा किया। साथ ही कांग्रेस की कलह व केजरीवाल के दावों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल पर झूठ बोलने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस को अब कोई गंभीरता से नहीं लेता। बता दें कि हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल अपने आवास पर जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने उनसे मिलने आए नव निर्वाचित पंच सरपंचों को अपने-अपने गांवों में निष्पक्ष रूप से विकास कार्य करने की अपील की। इसके बाद वो मीडिया से मुखातिब हुए और विपक्षी पार्टियों व इनके नेताओं को निशाने पर लिया।
हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने बताया कि हिमाचल के लोग बीजेपी की नीतियों व कामों से खुश हैं। ऐसे में हिमाचल हर बार अलग दल की सरकार की परंपरा को तोड़ कर लगातार दूसरी बार सत्ता में आएगी। अरविंद केजरीवाल द्वारा गुजरात में आईबी रिपोर्ट का हवाला देकर जीत के दावे पर जेपी दलाल ने हंसते हुए कहा कि केजरीवाल हमेशा झूठ बोलते हैं और झूठे नारे देते है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल आदमपुर उप चुनाव में भी आए थे और पंजाब के सीएम को लेकर आए थे। पर उन्हें महज तीन हज़ार वोट मिले। इनका यही हाल गुजरात में होगा और भाजपा दो तिहाई से जीत दर्ज करेगी।
गुजरात में कांग्रेस द्वारा घोषणा पत्र में किसानों के कर्ज माफ के दावे पर जेपी दलाल ने कटाक्ष किया और कहा कि कांग्रेस ने ऐसे झूठे दावे मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ में भी किये थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब कोई गंभीरता से नहीं लेता। इसके साथ ही जेपी दलाल ने हरियाणा कांग्रेस में मची खलबली पर कहा कि कांग्रेस नेताओं के नाम बड़े हैं पर विधानसभा जाने की हैसियत नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को डुबोने का काम इसके नेताओं की लड़ाई है। वहीं आदमपुर उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश पर हमले को उन्होंने ग़लत कहा। साथ ही याद दिलाया कि जयप्रकाश का इतिहास भी अच्छा नहीं। महम कांड से लेकर ग्रीन ब्रिगेड तक जयप्रकाश का नाम जूड़ा है। ऐसे में लोग इन पर भरोसा नहीं करते। कृषि मंत्री जेपी दलाल ने गुजरात व हिमाचल में भाजपा की जीत का दावा कर कांग्रेस व केजरीवाल पर कटाक्ष किये हैं और भाजपा सांसद बृजेन्द्र से दो कदम आगे बढ़ कर कांग्रेस नेता जयप्रकाश के इतिहास को लेकर बडे सवाल खड़े किए हैं।







