भिवानी (अकुंर कपूर): खूंखार अपराधी लॉरेंस बिश्नोई के गैंगस्टर टीनू हरियाणा के परिजन खाकी से काफी खौफजदा हैं। हालांकि पंजाब पुलिस की कस्टडी से फरार टीनू दोबारा गिरफ्तार हो चुका है, पर भिवानी में रह रहे टीनू के परिजनों का आरोप है कि पुलिस उन्हें बार-बार टीनू के नाम पर टॉर्चर कर रही है। वहीं पुलिस ने टीनू के परिजनों के सभी आरोपों को गलत, बेबुनियाद और निराधार बताए हैं। बता दें कि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली में लॉरेंश बिशनोई गैंग का खौफ रहा है। भिवानी निवासी टीनू हरियाणा, लॉरेंश बिशनोई का खास है और कुख्यात गैंगस्टर है।

टीनू हरियाणा पर हरियाणा समेत आसपास के राज्यों में हत्या, लूट, डकैती, हत्या के प्रयास जैसे 32 संगीन मामले दर्ज हैं। टीनू का कई राज्यों की पुलिस से आंख-मिचौली का खेल चलता रहता है। हालांकि पंजाब पुलिस की कस्टडी से फरार होने के बाद दो रोज़ पहले टीनू को पुलिस ने राजस्थान से फिर से काबू कर लिया है। पर टीनू के परिजनों का आरोप है कि भिवानी पुलिस उन्होंने टीनू के कोई भी कांड करने पर उन्होंने पूछताछ के नाम पर बार बार बेवजह टॉर्चर करती है। पुलिस सभी आरोपों को गलत बता रही है लेकिन टीनू के पिता का कहना है कि वो पुलिस की वजह से शहर छोड़ने पर मजबूर हैं और इस बार टॉर्चर किया तो वो पूरे परिवार सहित आत्महत्या को मजबूर होंगे।
गैंगस्टर टीनू के पिता अनील ने बताया कि उन्होंने 7-8 साल पहले बेदखल कर दिया था और 4-5 साल से तो कोई बात तक नहीं हुई। पर जब भी टीनू कोई कांड करता है तो भिवानी पुलिस उनके पूरे परिवार को पूछताछ के नाम पर टॉर्चर करती है। उन्होंने कहा कि 3-4 साल पहले अंबाला पुलिस की कस्टडी से जब टीनू फ़रार हुआ तो भिवानी पुलिस ने उनके पूरे परिवार को 23 दिन अलग-अलग थाने चौकी ले जाकर दिन रात टॉर्चर किया। अब फिर टीनू के पंजाब पुलिस से फरार होने के बाद से पुलिस उनके घर चक्कर काट रही है। जिसके डर से वो शहर छोड़ने पर मजबूर है।
उन्होंने कहा अब भी उनके बेटे, जो जयपुर में एमडी की पढ़ाई कर रहे हैं उन्हें और उनके भानजे व साडू को पुलिस ने उठा लिया है, जिनकी कोई सूचना नहीं। गैंगस्टर टीनू के पिता ने कहा कि वो पुलिस का हर ज़रूरी सहयोग करते रहे हैं और करते रहेंगे, लेकिन ये टॉर्चर ख़त्म नहीं हुआ तो उनका परिवार आत्महत्या करने पर मजबूर होगा। डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने टीनू के परिजनों के सभी आरोपों को ग़लत, बेबुनियाद व निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि भिवानी सहित पूरे हरियाणा की पुलिस सुप्रीम कोर्ट के आदेश व निर्देशों की पालना करती है और किसी को टॉर्चर नहीं करती। उन्होंने कहा कि मामला संगीन होने पर पुलिस अपराधी के परिजनों से पूछताछ कर सकती है। कभी किसी को टॉर्चर नहीं किया है। वकील कानून का सहारा लेने की दलील दे रहे हैं और पुलिस सभी आरोपों को निराधार बता रही है। पर जो भी हो, गैंगस्टर टीनू के परिजन पुलिस के डर से मारे मारे फिरने को मजबूर हैं।







