अंबाला (अंकुर कपूर): नशा तस्करों पर शिंकजा कसने की मुहिम में अंबाला पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। पुलिस की सीआईए-2 टीम ने नाकाबंदी कर 4 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए नशा तस्करों से सीआईए 2 ने 1 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। जिसकी बाजार में कीमत लगभग 5 करोड़ रुपए बताई जा रही है। दिल्ली से अंबाला लाई जा रही लगभग 5 करोड़ की हेरोइन के साथ यह तस्कर दिल्ली अंबाला-नेशनल हाइवे से पकड़े गए।
अंबाला के SP जश्नदीप सिंह रंधावा ने बताया कि सीआईए 2 को गुप्त सूचना मिली थी और उसी के आधार पर नाकेबंदी कर जब एक गाडी को चैकिंग के लिए रोका गया तो गाडी में मौजूद लोगों से लगभग 5 करोड़ कीमत की 1 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। SP रंधावा ने बताया कि पकड़े गए 4 आरोपियों में 2 महिलाऐं भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपियों का पहले भी क्रिमिनल रिकॉर्ड है। फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 3 दिन का रिमांड हासिल किया है।







